शनिवार, 22 अगस्त 2020

आवरण चित्र: Moon - James Herbert

गर रोचक आवरण चित्रों की बात करूँ तो जेम्स हर्बर्ट के उपन्यास मून का नाम उनमें लेना गलत न होगा। जेम्स हर्बर्ट ब्रिटिश लेखक हैं जो अपने हॉरर उपन्यासों के लिए जाने जाते हैं। यह उपन्यास मुझे याद है मैंने दरियागंज बाज़ार से 2017 में लिया था और उस वक्त जब पहली बार मैंने उपन्यास उठाया था तो मुझे पहले पहल तो लगा था कि आवरण चित्र फटा हुआ है। लेकिन जब मैंने गौर से देखा तो पाया कि यह आवरण चित्र फटा नहीं था बल्कि यह इसके खबूसूरत और रोचक डिजाईन का हिस्सा था। आगे बढ़ने से पहले आप आवरण चित्र ही देख लीजिये:



बंद आवरण

आवरण खोलने पर 

क्या आपने ऐसा आवरण चित्र और देखा है? मैं अपनी बात करूँ तो मेरे लिए ऐसा आवरण चित्र देखना पहला अनुभव था। जब आप यह  किताब बंद करते हैं तो आपको बादलों से झाँकता चाँद दिखाई देता है और वहीं जब इस आवरण को खोलते हैं तो एक टापू के ऊपर बादलों से झाँकता चाँद दिखलाई देता है। 

चूँकि उपन्यास का नाम मून है तो इससे यह अंदाजा तो हो जाता है कि उपन्यास में चाँद का महत्व है। बादलों से झाँकता हुए चाँद को जिस तरह प्रमुखता से दर्शाया जा रहा है उससे इस तरह का भाव मन में आता है कि जरूर चाँद के निकलने से कुछ न कुछ खौफनाक होने वाला है। उपन्यास के अंदर के आवरण चित्र में दो बातें हैं। पहला तो यह कि चित्र में एक टापू दर्शाया गया है जो कि चाँद की चांदनी से रोशन लगता है। इससे यह अंदाजा होता कि चाँद के कारण इस टापू में कुछ घटित होगा। वहीं आवरण में नीचे की तरफ एक वाक्य लिखा है The nightmare begins before you sleep....अर्थात रात को आने वाले बुरे सपने अब सोने से पहले आएंगे...

यह चीजें उपन्यास के प्रति आपके मन रोचकता जगाते हैं। कुछ प्रश्न जो मन में उठते हैं वह कुछ यूँ हैं:

चाँद के आने से इस टापू पर क्या होने वाला है?

यह कौन से बुरे सपने हैं जो कि जागते हुए ही दिखाई देने वाले हैं?

कौन सा किरदार इन बुरे सपनों का शिकार बनेगा और वह कैसे इन से बचेगा?

अच्छे आवरण चित्र की यही खूबी होती है। यह पाठक के अंदर उपन्यास के प्रति उत्सुकता जगता है। है न। 

हाँ, एक बात जो मुझे बुरी लगी वह यह कि जिस व्यक्ति ने यह कवर डिजाईन किया था उसका नाम इस पर मौजूद नहीं है। वह व्यक्ति बधाई के पात्र हैं। नाम होता तो अच्छा रहता। 

क्या आप भी ऐसे किसी आवरण चित्र से रूबरू हुए हैं?  टिप्पणियों में बताइयेगा।


© विकास नैनवाल 'अंजान'

2 टिप्‍पणियां:

लोकप्रिय पोस्ट